महराजगंज। मंगलवार को सदर तहसील सभागार में डीएम के निर्देश पर सीडीओ राम सिंहासन प्रेम की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के 42 गांव को 15 अगस्त तक खुले में शौच मुक्त करने रणनीति बनाई गई। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत धानी ब्लाक की सभी ग्राम पंचायतों को 15 अगस्त तक खुले में शौच मुक्त करना है। इतना ही नहीं, बाकी 11 ब्लॉकों की दो दो ग्राम पंचायतों को भी इसी श्रेणी में रखा गया है। बैठक में अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने सचिव सफाईकर्मी, रोजगार सेवक को 25-25 शौचालय का लक्ष्य दिया है। कम से कम पांच शौचालय बनवाने पर ही जुलाई माह का वेतन दिया जाएगा। उन्होंने कहा है कि खुले में शौच मुक्त होने के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन कराया जायेगा । इतना ही नहीं गलत पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी जबाब भी तलब होगा। बैठक में ग्राम पंचायत सचिव, सफाई कर्मचारी, स्वच्छाग्राही और रोजगार सेवक उपस्थित रहे।
समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता प्रशिक्षण का समापन
महराजगंज। मंगलवार को समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम का समापन सीडीओं राम सिंहासन प्रेम की अध्यक्षता में हुई। जिसमें उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारी से गांव के लोगों को जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि गांव को स्वच्छ बनाने के लिए सबसे पहले गांव को खुले में शौच मुक्त करना जरूरी है। यह कार्य तभी संभव है जब गांव के लोग भी सफाई कार्य के लिए जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि 80 से 90 प्रतिशत बीमारियां खुले में शौच करने के कारण होती है। ऐसे में सभी सफाई कर्मचारियों, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर के अलावा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी लोग गांव में जाकर लोगों को स्वच्छता संबंधित जानकारी दें। सफाई कार्य के लिए अगर कोई लापरवाही हुई तो संबंधित कार्रवाई होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि लक्ष्मीपुर विकास खंड को 15 अगस्त तक शौच मुक्त कराने का लक्ष्य है। इस मौके पर ट्रेनर प्रदीप अग्रहरी, दीनानाथ गुप्ता, सविता साह, उर्मिला यादव, के अलावा मनोज प्रजापति, संतोष शुक्ला, कल्पना शुक्ला, अवधेश पटेल, संतोष पटेल, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लोगों में राम प्रसाद, ओम प्रकाश, संजय, श्यामबिहारी, सुनीता, ललीता, प्रिया, ममता सहित तमाम आशा और आंगनबाड़ी वर्कर मौजूद रहे।