नौतनवां। महाव नाले पर तटबंधों की कटान को देखते हुये बृहस्पतिवार को एसडीएम विक्रम सिंह की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग, वन विभाग एवं महाव नाले के दोनों तरफ के ग्राम प्रधानों की बैठक बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में हुई। जिसमें कटान को रोकने के उपाय पर चर्चा कर उसे क्रियान्वित करने की रणनीति तैयार की गई। बैठक के दौरान मौजूद लोगों ने 34 कटान स्थल चिन्हित कर जल्द से जल्द मरम्मत की जरूरत बताई। इसके साथ ही वन विभाग के हद में जहां नाले की चौड़ाई आठ मीटर है। उसकी खुदायी कर चौड़ाई बीस मीटर करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। जिससे पानी का बहाव आसानी के साथ हो सके। इसके साथ ही खुदाई कार्य में सिंचाई एवं वन विभाग से वार्ता के बाद तय किया गया कि मनरेगा से कार्य करना संभव नहीं है। इसके लिए जेसीबी का सहारा लेने की अपेक्षा की गई।
एसडीएम विक्रम सिंह ने बताया कि बैठक की रिपोर्ट एवं कटान रोकने के लिए कार्य का प्रस्ताव डीएम को भेजा जाएगा। इस मौके पर नायब तहसीलदार रवि कुमार सिंह, सिंचाई अभियंता डीके सिंह, क्षेत्रिय वन अधिकारी मधवलिया प्रेमलाल यादव, क्षेत्रिय वन अधिकारी उत्तरी चौक जगरनाथ प्रसाद, एडीओ सांख्यकी विरेन्द्र सिंह, कानूनगो शिवशंकर चौबे, लेखपाल मोतीलाल, पप्पू, झिंगटी आसिफ मलिक, अमीन, दीपू यादव, मुबारक आदि ग्राम प्रधान मौजूद रहे।