महराजगंज। जिला सेवायोजन कार्यालय और जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय वृहद रोजगार मेले में 785 युवाओं को नौकरी मिली। मेले का शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रोजगार मेले में अमेजॉन, वेयरहाउस, वोडाफोन आइडिया, एयरटेल पेमेंट बैंक और संगम सोलर समेत 20 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से करीब 2,200 पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए गए थे। इसके लिए 1,345 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार में हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 785 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।
मेले में नौकरी पाने के लिए युवाओं में खासा उत्साह रहा। विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। युवाओं ने अपनी योग्यता के अनुसार पदों के लिए आवेदन किया और साक्षात्कार दिया। रोजगार मेले के माध्यम से जिले के सैकड़ों युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर मिला।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, कॉलेज प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट, प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, डॉ. शांतिशरण मिश्रा और जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।