एक खंड शिक्षा अधिकारी समेत 77 पॉजिटिव
जिले में अब तक 2538 सक्रिय केेस, 844 हो चुके हैं स्वस्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोराना के मामले में दिन-प्रतिदिन बढ़ोत्तरी हो रही है। शनिवार को भी जिले में कोरोना के एक खंड शिक्षा अधिकारी सहित 77 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि होने के बाद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ गई है। नौ लोग डिस्चार्ज भी हुए हैं।
जिले में अब तक कोरोना के कुल 3418 मामले सामने आए हैं जिसमें 2538 सक्रिय मामले हैं। वहीं, 844 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। अब तक 36 लोगों की कोरोना से जान भी जा चुकी है। संक्रमितों में एक खंड शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ बीआरसी निचलौल व सीएमओ दफ्तर में कार्यरत कर्मी के घर के एक सदस्य भी शामिल हैं। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि शनिवार को 2617 नमूनों की जांच हुई जिसमें से 2547 की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिले में अब तक 54215 लोगों की जांच की जा चुकी है। 1594 लोग होम आइसोलेसन में हैं। शनिवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में फरेंदा के 19, सदर के 10, श्यामदेउरवां के पांच, घुघली व पनियरा के तीन-तीन, बृजमनगंज, बरगदवां, नौतनवां व निचलौल के दो-दो, चौक व कोठीभार के एक-एक तथा अन्य जगहों के 26 लोग हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष निगेटिव
महराजगंज/ठूठीबारी। नगर पालिका अध्यक्ष की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। शनिवार को सीएचसी के अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने उन्हें निगेटिव होने की रिपोर्ट की प्रति सौंपी। अध्यक्ष कृष्णगोपाल ने आमजन से भी कहा कि इस संक्रमण काल में वे घरों में रहने पर जोर दें। बाहर व भीड़भाड़ वाले स्थलों पर जाने से बचें। इस दौरान बीपीएम सूर्यप्रताप सिंह व अन्य कर्मी मौजूद रहे। वहीं, ठूठीबारी की ग्राम प्रधान उमा सिंह ने बताया कि गांव को सैनिटाइज किया गया है। साथ ही गांव की नाली को साफ-सुथरा कराने के साथ ही चूने का छिड़काव कराया गया।