महराजगंज। सब मिशन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन कृषि यंत्र योजना में पारदर्शिता के लिए डीएलईसी में बदलाव करते हुए प्रगतिशील किसानों को सदस्य नामित किया गया है।
जनपद में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति में 16 सदस्यों का प्रावधान करते हुए सात किसानों को शामिल किया गया है। यह समिति आज कलेक्ट्रेट सभागार में अक्तूबर के आवेदकों में से ई-लाटरी के जरिये पात्र किसानों का चयन करेगी। चयनित किसानों को कृषि यंत्र खरीद पर अनुदान दिया जाएगा।
डीएलईसी में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा अध्यक्ष, सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह उपाध्यक्ष, उप कृषि निदेशक संजीव कुमार पटेल सचिव, उद्यान अधिकारी संजय रस्तोगी सह सचिव, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह, गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह यादव व जिला सूचना अधिकारी सदस्य नामित हैं।
प्रशासनिक अमले के साथ कृषि विज्ञान केंद्र बंसुली के विज्ञानी व कृषि समूह के ओमप्रकाश पटेल, बृजेश कुमार, ओमप्रकाश पांडेय गौनरिया, रामवृक्ष अदरौना, जनार्दन पटेल, विधि नारायण दुबौली एवं तेंदुअहिया के किसान बेचन को विशेष सदस्य नामित किया गया है।