लक्ष्मीपुर। शनिवार को लक्ष्मीपुर और कोल्हुई क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में तेज पछुआ हवा के बीच अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किसानों की गेहूं की फसल को अपने आगोश में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में लगभग 60 एकड़ खेत की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी क्षति का सामना करना पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत जंगल गुलहरिया में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। यहां के दर्जनों किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। जिन किसानों को नुकसान हुआ, उनमें प्रमुख रूप से विधि भूषण चौबे, घनश्याम, हरिनारायण, सुदर्शन, रामश्री, मुराली, जनार्दन, लालजी चौबे, खिलाड़ी, पिंटू, सतीबुल, मकबूल, गुलाब सहित कई अन्य किसान शामिल हैं। गांववालों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि बुझाने का मौका ही नहीं मिला। कुछ ही घंटों में पूरा खेत राख हो गया। देखते ही देखते करीब 50 एकड़ खेत में खड़ी फसल जल कर राख हो गई। इसी तरह लक्ष्मीपुर क्षेत्र के ग्राम बनगाई में भी आग का कहर देखने को मिला। यहां रामबचन सिंह, रामबृक्ष सिंह, शिवप्रकाश मद्धेशिया, अनिल कुमार मद्धेशिया, मनोज कुमार मद्धेशिया, सत्यप्रकाश मद्धेशिया, विजय कुमार मद्धेशिया सहित कई किसानों की फसल आग की लपटों में जलकर राख हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत की उम्मीद जताई, लेकिन खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कुछ भी आश्वासन नहीं दिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दे।