एसपी ने टीम को दिया 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार
रानीपुर चौराहे पर अभियान चलाकर की गई कार्रवाई
महराजगंज। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस कार्यालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना पुरंदरपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने अभियान के तहत दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करों के पास से 5700 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर रानीपुर चौराहे पर थाना पुरंदरपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार संख्या यूपी 53 एफएन 8304 को रोक कर जांच की। कार की डिक्की से कुल 5700 एम्पुल इंजेक्शन जब्त किए गए। साथ ही दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपये नकद और वाहन भी बरामद किया गया। कार गोरखपुर के चंदन सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। दोनों के कब्जे से डायजेपाम इंजेक्शन, बुप्रेनॉर्फिन, प्रोमेथाज़ीन इंजेक्शन बरामद किया गया है। बरामद इंजेक्शन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपये है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजेंद्र धरिकार उर्फ इलू, निवासी जुगौली, थाना सोनौली और आदित्य कुमार मिश्र, निवासी कम्हरिया बुजुर्ग, थाना कोल्हुई बाजार के रूप में की गई। राजेंद्र इंटरमीडिएट और आदित्य बीए पास है।
पुरंदरपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क को पकड़ने की तैयारी में है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पूरी टीम को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है। जनपदवासियों से अपील की गई है कि नशे के विरुद्ध अभियान में आमजन सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
छह महीने से कर रहे थे धंधा
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पिछले छह महीनों से नेपाल ले जाकर इन इंजेक्शनों को ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। पूछताछ में एक अन्य अभियुक्त का नाम भी सामने आया है, उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनुरुद्ध कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। ये इंजेक्शन चिकित्सकीय उपयोग दर्द निवारण, एंग्जायटी/सेडेटिव, एलर्जी के मरीज इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अवैध रूप से नशे के लिए कॉकटेल ड्रग के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा है। युवाओं में नशे के रूप में इन इंजेक्शनों का इस्तेमाल तेजी से प्रचलित हो रहा है।