दो दिन में चला विशेष अभियान, डेढ़ लाख के करीब वसूला जुर्माना
सोनौली। नेपाल सीमा से सटे सोनौली क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसने के लिए कोतवाली पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मालवाहक ट्रकों की लगातार जांच की जा रही है।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि ट्रकों की अवैध कटिंग कराने वाले दलाल या संदिग्ध व्यक्ति पकड़े गए तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सीमा क्षेत्र में ट्रकों, बाइक व अन्य चार पहिया वाहन की आवाजाही के दौरान अनियमितताओं और अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत पिछले दो दिनों में 56 वाहनों का चालान कर 1.49 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान सोनौली चौकी प्रभारी गौरव यादव पुलिस टीम के साथ वाहनों की सघन जांच करते नजर आए। पुलिसकर्मियों ने ट्रकों और अन्य वाहनों के कागजात, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस तथा सुरक्षा मानकों की जांच की।