शितलापुर में घरों में छिपाकर रखा था सामान, एसएसबी-पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
निचलौल। एसएसबी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को शितलापुर गांव में छापेमारी कर सात बोरी कद्दू बीज और 29 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामान को कब्जे में लेकर टीम ने तस्करों के नेटवर्क के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने बताया कि शीतलापुर एसएसबी को सूचना शाखा से जानकारी मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 502 से करीब 600 मीटर भारत की ओर स्थित ग्राम शीतलापुर में दो घरों में नेपाल से तस्करी कर लाए गए कद्दू बीज और चाइनीज लहसुन का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना के बाद एसएसबी, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर शीतलापुर गांव में संदिग्ध व्यक्तियों के आवासों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उमेश पाल पुत्र चंद्रपाल और संतोष पुत्र रामवृक्ष, निवासी शितलापुर, थाना निचलौल के आवास से सात बोरी कद्दू बीज और 29 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद हुआ। टीम ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और बरामद सामान को अपने कब्जे में ले लिया।