पहल शिविर में आए 1,912 आवेदन, 536 का निस्तारण
घुघली ब्लॉक में प्राप्त हुए सर्वाधिक 358 आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के सभी 12 ब्लॉकों के चयनित ग्राम पंचायतों में मंगलवार को पहल शिविर का शुभारंभ हुआ। पहले दिन शिविर में कुल 1,912 आवेदन आए, जिसमें से 536 के निस्तारण का दावा किया गया।
तीसरे चरण के शिविर के पहले दिन सदर ब्लॉक के वनटांगिया ग्राम उसरहवा नर्सरी में 303, बृजमनगंज के बभनी खुर्द में 49, धानी के नगवा में 82, घुघली के बसंतपुर में सर्वाधिक 358, लक्ष्मीपुर के वनटांगिया गांव अचलगढ़ में 75, मिठौरा के कंपार्ट 24 में 60, नौतनवां के बड़हरा मेें 260, निचलौल के भोतहा में 106, पनियरा के पिपरिया में 176, परतावल के जद्दू पिपरा में 153, फरेंदा के शिवपुर अयोध्या में 78 और सिसवा के रामपुर खुर्द में 212 आवेदन प्राप्त हुए। सदर क्षेत्र के उसरहवा वनटांगिया में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि आमजन की समस्याओं की सुधि लेने अधिकारी जनता के द्वार पर पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का निराकरण एक ही स्थान पर हो जा रहा है।
इस दौरान नोडल अधिकारी शांतप्रकाश श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत प्रद्युम्न प्रजापति, जयप्रकाश सिंह, अवर अभियंता अमित सिंह, ग्राम प्रधान कमलेश सिंह, ग्राम विकास अधिकारी दीप्ती जायसवाल, रामानंद साहनी आदि मौजूद रहे।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के जद्दू पिपरा गांव में मंगलवार को महराजगंज पहल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग, स्वयं सहायता समूह, वृद्धा विधवा दिव्यांग पेंशन तथा आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी काउंटर लगाया गया। डीसी मनरेगा अनिल कुमार चौधरी, बीडीओ लक्ष्मण चतुर्वेदी, ग्राम प्रधान जमीरूल्लाह, एडीओ पंचायत विनय पांडेय आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही जिले के अन्य ब्लॉकों में भी जिम्मेदारों की देखरेख में पहल शिविर का आयोजन हुआ।