लापरवाही पर 82 प्रधानाध्यापकों को नोटिस
मध्याह्न भोजन की सूचना अपडेट नहीं होने पर बीएसए ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। दो जुलाई से परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू हो गया है लेकिन जिले के 82 विद्यालय ऐसे हैं, जो मध्याह्न भोजन की सूचना विभाग को नहीं दे रहे हैं। इस लापरवाही पर विभाग की ओर से संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस भेजकर जवाब तलब कर लिया गया है। उच्चाधिकारियों की तरफ से मध्याह्न भोजन की विशेष निगरानी की जा रही है। बीते दिनों बच्चों को फल वितरित किए जाने में लापरवाही की बात सामने आने 62 ग्राम प्रधानों एवं प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया गया था।
जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि जिले के 82 स्कूलों द्वारा शिक्षा सत्र शुरू होने से आज तक मध्याह्न भोजन की सूचना नहीं दी गई। इनमें धानी ब्लॉक के दो, घुघली के पांच, लक्ष्मीपुर 11, सदर के नौ, मिठौरा के 10, नौतनवां के 10, निचलौल के नौ, पनियरा के नौ, परतावल के चार, फरेंदा के दो, सिसवां के 11 स्कूलों द्वारा मध्याह्न भोजन की सूचना नहीं दी गई है। इस काम में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर कारण पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में सूचना अपडेट नहीं हुई। बच्चों के मध्याह भोजन को लेकर कडी निगरानी की जा रही है। बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया कि मध्यान्ह भोजन की सूचना भेजने में लापरवाही पाए जाने पर जिले के 82 प्रधानाध्यापकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।