महराजगंज। बीती रात डीएफओ मनीष सिंह ने गश्त के दौरान एक हाथी को पुलिस के सहयोग से पकड़ कर मधवलिया रेेंज में सुरक्षित रखवा दिया। उन्होंने बताया कि हाथी रखने से जुड़ा कोई कागज न होने पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही महावत और एक साथी को पकड़कर रेंज लाया गया है। अगर हाथी से जुड़ा कोई कागजात नहीं मिला तो हाथी को वन विभाग की संपत्ति घोषित कर दी जाएगी। डीएफओ ने हाथी के मालिकाना हक का दावा करने वाले व्यक्ति के पास नोटिस भेजा है।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बीती रात निचलौल क्षेत्र में गश्त कर रहे थे कि निचलौल-चौक मार्ग पर दो लोग एक हाथी लेकर जाते नजर आए। रोकने का प्रयास किया तो रूके नहीं और तेज गति से भागने लगे। थोड़ी ही देर में उनके साथ दो बाइक सवार भी आ गए। मामले की सूचना निचलौल रेंजर अशोक चंद्रा को दी। रेंजर, रेंज के बन दरोगा समेत पहुंचे। थोड़ी देर में 100 नंबर की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सहयोग से हाथी को चौक रोड पर ही दमकी गांव के पास रोका गया। हाथी को ले जाने वाले लोगों से कागजात मांगा गया तो बताया कि वह हाथी के मालिक नहीं है, महावत हैं, जो हाथी की देख रेख करते हैं। डीएफओ ने बताया कि कागजात न मिलने पर हाथी को अवैध मानते हुए उसे रेंज लाया गया। महावत व उसके साथी के खिलाफ वन जीव अधिनियम की धारा में केस काटकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाथी रखने के लिए मुख्य वन्य प्रतिपालक से अनुमति लेनी होती है। तभी हाथी रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में सभी महत्वपूर्ण विंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। हाथी रखने का प्रमाण नहीं मिला तो कार्रवाई होनी तय है।