महराजगंज। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन की ओर से 10 सूत्री मांगों को लेकर कई दिन से कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया जा रहा है। इस बीच आंगनबाड़ी वर्करों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। आंगनबाड़ी वर्करों ने कहा कि संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों की वार्ता शासन स्तर पर हुई है। कमेठी गठित कर रिपोर्ट के मुताबिक कदम उठाने की बात कही गई है। आंगनबाड़ी वर्करों ने इसका सार्थक परिणाम निकलने की उम्मीद जताई।
संगठन की जिलाध्यक्ष छाया भारती ने कहा कि महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि की जानी चाहिए। इस मसले को लेकर सीएम से वार्ता भी हो चुकी है। सरकार की ओर से कमेटी गठित कर रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई करने की बात कही गई। लेकिन संगठन तत्काल मानदेय में वृद्धि की मांग पर अड़ा हुआ है। उन्होंने सार्थक परिणाम निकलने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर कई दिन आंदोलन कर रहे हैं। सभी एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने में लगे हैं।
जिला संरक्षक राधेश्याम मौर्या ने कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रतिनिधिमंडल फिर सीएम से वार्ता के लिए पहुंचा है। अब वार्ता के बाद शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। ऐसे में सभी को एकजुट रहते हुए आंदोलन को सफल बनाने की जरूरत है।
इस मौके पर राजमति, पुष्पा, सत्येंद्र पटेल, अफसाना, ज्ञानमती, राजनंदनी, जावित्री, शोभा यादव, नजमा, सरोज जायसवाल, पूनम, संगीता, खदेरू, संध्या, माधवी आदि मौजूद रहे।