महराजगंज। बुधवार को बहुजन मुक्ति पार्टी के जिला प्रभारी आरत खरवार के नेतृत्व में छात्रों ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में मऊपाकड़ से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। ईवीएम का प्रयोग न करने और पत्रकार गौरी लंकेश के हत्यारों को सजा दिलाने की मांग की गई।
जिला प्रभारी आरत खरवार ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि देश के ओबीसी की गणना कराकर संख्या के हिसाब से हर क्षेत्र में आरक्षण दिया जाए। आगामी चुनाव ईवीएम से न कराकर बैलेट पेपर से कराया जाए। समान कार्य समान वेतन लागू करने के साथ ही आंगनबाड़ी, संविदा कर्मियों, शिक्षामित्रों की मांगें पूरी करने की मांग उठाई। बीआरडी मेडिकल कालेज में घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। कर्नाटक की पत्रकार गौरी लंकेश के हत्यारों को सजा दिया जाए। इस मौके पर वकील प्रजापति, शैलेन्द्र कुमार, लालजी प्रसाद, डाक्टर भुवनेश्वर पटेल, रामवृक्ष शर्मा, साधुशरण, कपिल देव प्रजापति, सैयद निसार अहमद, अमित कुमार समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।