मिठौरा। थाना क्षेत्र के सेखुई गांव के पश्चिम सीवान में बृहस्पतिवार की शाम अचानक आग लगने से करीब 50 डिसमिल खेत में खड़ी धान की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, सेखुई निवासी आलोक चौधरी का खेत गांव के पश्चिम सीवान में है। शाम के समय अज्ञात कारणों से उनके खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने धान की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। खेत से धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, तब तक करीब 50 डिसमिल फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।