पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और धन वापसी की मांग की
चौक बाजार। नौकरी के लिए इस्त्राइल भेजने के नाम पर एक युवक से 4.42 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और धन वापसी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के ग्राम परसा सिंहुली वनग्राम कम्पार्ट जय प्रकाश निषाद ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक एजेंट ने उसके बड़े पुत्र राजकुमार निषाद (27) को इस्त्राइल भेजने का झांसा दिया। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह वैध प्रक्रिया के माध्यम से विदेश भेज देगा। आरोप है कि इसी विश्वास में आकर पिता-पुत्र ने मिलकर आरोपी को कुल 4.42 लाख नकद व ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न लोगों की मौजूदगी में दिया।
इसके बाद एजेंट ने युवक को प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर मुंबई बुला लिया, जहां वह कई महीने तक भटकता रहा। वर्तमान में युवक केरल में है लेकिन अब तक उसे विदेश नहीं भेजा गया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार झूठे आश्वासन देता रहा और अब न तो पैसा वापस कर रहा है, न ही विदेश भेजने की कोई व्यवस्था कर रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने तथा दी गई पूरी रकम वापस दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी साक्ष्य जैसे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन रसीद, टिकट, कॉल रिकॉर्ड और गवाह उपलब्ध हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिली है। जिस एजेंट को पैसा दिया गया है वह मुंबई में है। उसे बुलाया गया है। उसके आने के बाद दोनों पक्ष के लोगों को बुलाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।