परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की है कड़ी नजर: कुलपति
कुलपति ने पुस्तक का विमोचन किया
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दूबे ने शनिवार को नोडल केंद्र जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में चल रही परीक्षा का का जायजा लिया। उन्होंने दूसरी पाली में तीन कक्षों में चल रही परीक्षा के दौरान निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद कुलपति ने महाविद्यालय के कांफ्रेंस हाल में पत्रकारों से बात की। कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराने की हर संभव कोशिश की जा रही है। नकल विहीन परीक्षा के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है जो परीक्षा केंद्रों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ नए प्रयोग भी किए गए हैं। बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर उड़ाका दल का गठन न करके पर्यवेक्षकों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वायस रिकार्डर लगे हैं। इन उपकरणों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी कराई जा रही है।
कुलपति ने बीएड पाठ्यक्रम में कृषि विज्ञान शिक्षण नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। यह पुस्तक पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश प्रसाद यादव ने लिखी है। इस दौरान सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार, डॉ. बलराम भट्ट, पूर्व प्राचार्य डॉ. महेश मणि त्रिपाठी, पूर्व प्राचार्य डॉ. रमेन्द्र कुमार मिश्र, डॉ. धर्मेन्द्र कुमार सोनकर, डॉ. सुनीता त्रिपाठी, डॉ. राम पांडेय, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. प्रशांत पांडेय, डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. देवेन्द्र पाठक, डॉ. शैलेंद्र उपाध्याय, डॉ. शांति शरण मिश्र, श्रवण पटेल आदि मौजूद रहे।