माघी पूर्णिमा पर बुद्ध मेले का आयोजन
महराजगंज। सदर ब्लॉक के पनेवा पनेई गांव में डॉ. आंबेडकर बुद्ध विहार सेवा समिति की ओर से माघी पूर्णिमा पर बुद्ध मेले का आयोजन किया गया। बौद्ध भिच्छुओं में फल का वितरण किया गया। समिति के अध्यक्ष नंदलाल गौतम ने बताया कि माघी पूर्णिमा समारोह एवं बुद्ध मेले में महात्माबुद्ध सिद्धांतों के बारे में लोगों को बताया गया। उधर, संत रविदास महासंघ के जिला संरक्षक ध्रुवनारायण आर्य की अध्यक्षता में जिला इकाई के लोगों ने मंगलवार को शहर में बलिया नाला पुल के पास संत रविदास की जयंती मनाई। उन्होंने संत रविदास के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर रामलखन, जनार्दन प्रसाद, प्रभू गौतम, सुशीला देवी, कन्हई, मीरा, प्रेमशंकर, प्रमिला, चंद्रभान, छोडई, प्रमोद भारती आदि मौजूद रहे।
धूमधाम से मनाई गई संत रविदास जयंती
निचलौल। कस्बे के अंगिरा शिशु ज्ञान मंदिर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को संत रविदास जयंती मनाई गई। प्रधानाचार्य नंद कुमार शर्मा ने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला। कहा कि संत रविदास का जन्म काशी के मडुुवाडीह गांव में हुआ था। लोक मान्यता के अनुसार उनका जन्म माघ मास की पूर्णिमा को हुआ था। इसी दिन उनकी जयंती मनाई जाती है। उन्होंने ऊंच-नीच, जाति पाति, बाहरी आडंबरों व धार्मिक असहिष्णुता एवं भेदभाव का विरोध किया। इस दौरान राजेंद्र सिंह, शिवपुजन चौधरी, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, सरिता पटेल, प्रीती विश्वकर्मा, गोरखनाथ, पारसनाथ आदि मौजूद रहे।