महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के बनरहवां नाले में मां दुर्गा की प्रतिमा के विर्सजन के दौरान गहरे पानी मेें डूबने से बेहोश हुए एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक 11 वीं का छात्र था। वह अपने मामा के गांव बभनौली बुजुर्ग में रहकर पढ़ाई करता था।
ग्राम सभा जंगल बांकी टुकड़ा नंबर 14 के टोला चंदन चाफी बावनबिगहवां निवासी संदीप सहानी (17) पुत्र रामकृपाल सहानी शनिवार को मूर्ति विसर्जन के लिए साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर बनरहवां नाले पर पहुंचा। मां दुर्गा की प्रतिमा बभनौली बुजुर्ग गांव में स्थापित हुई थी। यहीं अपने मामा रामनगीना के घर संदीप रहकर पढ़ाई करता था। बनरहवां नाले पर पहुंचने के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए नाले में ले जाया गया। संदीप भी मां दुर्गा की प्रतिमा को सहारा देते हुए पानी में पहुंचा। अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। मां दुर्गा के जयघोष और भीड़ के बीच उस वक्त किसी ने ध्यान नहीं दिया। नाले के किनारे खडे़ एक शख्स की नजर पड़ी तो उसने शोर मचाया। डूबते हुए संदीप को बचाने का प्रयास किया जाने लगा। काफी मशक्कत के बाद उसे बेहोशी की हालत में पानी से निकाला गया। लोगों की मदद से उसे तत्काल पनियरा के प्राइवेट नर्सिंग होम में ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई। शव को घर लाया गया। जहां पुलिस ने पंचनामा कर परिजनों का सौंप दिया। इसके बाद संदीप का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसओ पनियरा ओपी चौहान का कहना है कि पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
-----------------------------------------------------------------------------------------------------
गम के समन्दर में डूबे संदीप के परिजन
पनियरा। जंगल बांकी टुकड़ा नं 14 के टोला चन्दन चाफी बावनबिगहवां के रहने वाले संदीप सहानी की मौत से परिजन गम के समन्दर में डूब गए हैं। मां उर्मिला देवी रह रह कर बेहोश हो रही हैं। बहन पूजा और दोनो भाईयों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। मामा रामनगीना भांजे को याद करते हुए बेहोश हो जा रहे थे। वह सोंच रहे थे कि काश उसे जाने से रोक दिया दिया होता तो यह घटना न होती। संदीप अपने मामा का बेहद दुलारा था। इन्ही के पास रहकर वह पढ़ाई करता था। इस वर्ष वह पनियरा इंटर कालेज पनियरा में कक्षा 11का छात्र था।
------------------------------------------------------------------------------------------------------------
परिवार का बडा बेटा था संदीप
पनियरा। संदीप परिवार में सबसे बडा था। इसके बाद परिवार में उसकी बहन पूजा उम्र 16, भाई आदित्य उम्र 14 और उदित्य उम्र 11 वर्ष हैं। पिता रामकृृपाल सहानी बडे बेटे की बातों का जिक्र करते हए फूट फूट कर रोने लगे। वह बोले की वह बडा ही होनहार था। कभी किसी बात का अनादर उसने नहीं किया।