महराजगंज। जिले में स्वच्छ विद्यालय को सरकार की तरफ से पुरस्कृत किया जाएगा। बीते 25 सितंबर को लखनऊ स्थित पंचायत राज निदेशालय में प्रदेश के सभी जिला परियोजना प्रबंधकों को प्रशिक्षण देकर इसके बारे में जानकारी दी गई। स्वच्छता के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की तरफ से विद्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हीं विद्यालयों को मिलेगा जो त्वरित शिक्षा, शौचालय की गुणवत्ता, परिसर की साफ-सफाई, पठन-पाठन की ठीक व्यवस्था और स्वच्छता के तय मानक का पालन कर रहे हों। इसमें कमी मिलने पर संबंधित विद्यालय को पुरस्कार नहीं मिलेगा। इस बार जिले के 40 विद्यालयों को स्वच्छता पुरस्कार देने की तैयारी है।
केंद्र सरकार की तरफ से दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए जिला स्तर पर चयनित होने के बाद प्रदेश स्तर पर चयन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके बाद देश स्तर पर भी इस पुरस्कार के लिए विद्यालयों का चयन किया जाएगा। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए विद्यालय को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विद्यालय स्वच्छता पोर्टल पर 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जांच के बाद जिले स्तर पर पुरस्कार मिलेगा। जिला स्तर पर चयनित स्वच्छ विद्यालय प्रदेश स्तर पर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। पंचायती राज विभाग के जिला प्रबंधक दिव्यांशू ने बताया कि यह पुरस्कार जिले स्तर पर 40 स्कूलों को दिया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए जिले के विद्यालय को संबंधित पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इस संबंध में जिले के सभी विद्यालयों को जानकारी दी जाएगी।