महराजगंज। ठूठीबारी टोला सडकहवां निवासी युवक की लाश सोमवार को सुबह छत की कुंडी में फंदे से लटकते हुए मिली। शव फंदे से लटकते देख घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ठूठीबारी टोला सडकहवां निवासी बुद्धू गोंड के छोटे बेटे पवन गोंड का शव घर में छत की कुंडी से लटकते हुए मिला। रोजाना की तरह रविवार की शाम खाना खाकर पवन अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार की सुबह उसकी भाभी घर की सफाई करने के लिए कमरे के अंदर गईं तो छत की कुंडी में फंदे से देवर पवन को लटकते देख बदहवाश होकर चिल्लाते हुए बाहर निकल आईं। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जैसे ही घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को हुई, कोतवाल राजेश वर्मा, एसआई सतीश सिंह घटना स्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। बताया जाता है कि बुद्धू गोंड के छोटे पुत्र पवन की शादी छह माह पहले नौतनवां निवासी झीनक गोंड की लड़की ज्ञांती से हुई थी। ज्ञांती की तबीयत खराब होने के कारण पति पवन कुछ दिन पहले उसे नौतनवां स्थित ससुराल पहुंचा दिया था। बताया जाता है कि एक दिन पहले पवन पत्नी की विदाई कराने के लिए ससुराल गया था। ज्ञांती का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उसके घर वाले पवन के साथ नहीं भेज पाए।