महराजगंज। सातवें व अंतिम चरण का मतदान एक जून को निर्धारित है, उसकी तैयारियां पूरी हो रही हैं। कलक्ट्रेट परिसर के सामने से रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्मिकों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए छाया का प्रबंध टेंट लगाकर किया जा रहा है।
साथ ही शुद्ध पेयजल परिसर के वाटर सप्लाई के साथ साथ नगर पालिका के टैंकरों से मिलेगी। हर दो घंटे के अंतराल पर टैंकर बदले जाएंगे जिससे कार्मिकों को शीतल जल मुहैया हो सके। किसी प्रकार की आगजनी की घटना न हो इसके लिए दो अग्निशमन विभाग की गाड़ियां लगाई गई हैं। एक गाड़ी जहां मौके पर पहुंच चुकी है वहीं दूसरी गाड़ी शाम तक पहुंच जाएगी।
सीडीओ संतोष कुमार राय ने बताया कि कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके व्यापक इंतजाम पूर्ण किए जा रहे हैं। नगर पालिका के टैंकर हर दो घंटे पर शीतल जल लेकर पहुंचेंगे। छाया के लिए टेंट और पंखे का इंतजाम किया गया है। कार्मिकों को चुनाव सामग्री के साथ जरूरी दवाओं की किट भी दी जाएगी। कहा कि कार्मिक किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए सुबह आठ बजे के समय से ही परिसर में पहुंचे जिससे उनकी रवानगी समय पर की जा सके। बताया कि परिवहन व्यवस्था के तहत लगभग 4000 से अधिक वाहन अधिग्रहण के बाद आ चुके हैं। 311 वाहन पुलिस विभाग व 400 वाहन सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंप दिया गया है। अभी बड़ी बसें नहीं पहुंची हैं, कल शाम तक पहुंचेंगी। इनके आने के बाद ही कार्मिकों को बूथ तक जाने के लिए व्यवस्था तय कर वाहन निर्धारण किया जाएगा।