सड़क हादसों में चार लोग हुए घायल
परतावल ( महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक, बसहिया बुजुर्ग निवासी शुभम त्रिपाठी (22) व परतावल निवासी विक्की प्रजापति (16) बाइक पर सवार होकर पिपराइच की तरफ जा रहे थे। परतावल-पिपराइच मार्ग पर मंडी के समीप उनकी सामने से आ रहे जमली निवासी साइकिल सवार झब्बर (58) से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया। चिकित्सकों ने विक्की व झब्बर को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
दूसरी घटना पिपरपाती में हुई। गोरखपुर के चरगांवा निवासी अभिनव पांडेय (45) परतावल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खेत में चली गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।