चौक बाजार। गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दिग्विजयनाथ बालिका इंटर कॉलेज व दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान तीनों संस्थाओं के 350 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कक्षा एक से स्नातकोत्तर तक की कक्षाओं में प्रथम व दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को योग्यता छात्रवृत्ति व प्रदेश स्तर पर खेल में प्रतिभाग करने वाले छात्रों के लिए क्रीड़ा छात्रवृत्ति एवं एनसीसी के कैडेट्स को छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया। दिग्विजय नाथ बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सपना सिंह को स्वर्ण पदक से व शोभा यात्रा एवं पथ संचलन में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर संस्था को सम्मानित किया गया। दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज की जूनियर वर्ग बालिका टीम को विजेता व बालक की टीम उपविजेता होने पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के परिचारक रमाकांत को स्वर्ण पदक से श्रेष्ठतम परिचारक के रूप में सम्मानित किया गया। गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय को शोभायात्रा एवं पथ संचलन में सांत्वना पुरस्कार और स्नातक के छात्र शिवम यादव को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।