पीएम आवास निर्माण की गति पड़ी सुस्त
फोटो:-
3561 के सापेक्ष महज 394 बने, 104 को फोटो अपलोड
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण निर्माण की गति धीमी है। इससे लाभार्थियों को जल्द आवास मिलने की उम्मीद काफी कम दिख रही है। किसी को प्रथम किस्त की रकम मिली है तो किसी को दूसरी किस्त का इंतजार है। प्रशासन की ओर से लाख प्रयास के बाद भी अधिकारियों की सक्रियता धरातल पर नहीं दिख रही है। आवास की फोटो पोर्टल पर अपडेट करने में भी लापरवाही की जा रही है। जबकि परियोजना निदेशक ने 15 अक्तूबर तक आवास पूर्ण कर फोटो अपलोड करने का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री आवस योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2018-19 में 3563 आवास बनवाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 394 आवास पूर्ण हो चुके हैं। 104 फोटो अपलोड हो चुके हैं। 3146 लाभार्थियों को दूसरी किस्त 70-70 हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। 948 लोगों ने नींव की खुदाई करा ली है। 394 लाभार्थियों को तीसरी किस्त भेजी जा चुकी है। दूरी किस्त पाने वाले 70 लाभार्थियों के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी की बात तो कही जाती है, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ नहीं है। वहीं लाभार्थियों ने समय से रकम नहीं मिलने की बात कही। संजय सहानी ने बताया कि आवेदन ऑनलाइन करने के बाद भी अब तक आवास के लिए रकम नहीं आया। नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय में जाकर पूछने पर सही जानकारी नहीं दी जाती है। प्रभुदयाल ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के बाद भी कोई सुनवाई नहीं है। आवास के लिए रकम कब जाएगा, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। राजकुमार ने भी आवास के लिए रकम नहीं मिलने की बात कही। पीडी राजकरन पाल ने बताया कि 15 अक्तूबर तक लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया है। जो आवास पूरे हो जाएंगे, उसका फोटो पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द आवास का निर्माण पूरा हो सके। लाभार्थियों के खाते में रकम भेजी जा रही है। इस बात का विशेष ख्याल रखा जा रहा है कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिले। कार्य से जुडे़ कर्मियों को दायित्व के प्रति लापरवाह पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।