सीसीटीवी कैमरे के साथ वायस रिकार्डर भी जरूरी
बिना वायस रिकार्डर वाले विद्यालय नहीं बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित 2019 की बोर्ड परीक्षा के लिए प्रस्तावित केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ही वायस रिकार्डर लगवाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना कोई भी विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जा सकेंगे। इस बारे में बोर्ड के सचिव का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को मिला है।
इस निर्देश की जानकारी होने पर प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों की बेचैनी बढ़ गई है। सरकार का यह प्रयास है कि पिछली बोर्ड परीक्षा के दौरान जो कमियां रह गई थीं उन्हें वायस रिकार्डर लगाकर दूर किया जाए। ताकि पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराई जा सके। उधर, माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए प्रधानाचार्यों की ओर से अपलोड कराई गई सूचनाओं के भौतिक सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षण अशोक कुमार सिंह व विभाग के वरिष्ठ सहायक सदानंद द्वारा सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के लिए 29 बिंदुओं पर चेकलिस्ट पर सूचना एकत्र की जा रही है। इसमें 19 वां बिंदू काफी महत्वपूर्ण है। इसमें सीसीटीवी कैमरे के साथ ही वायस रिकार्डर लगाया जाना अनिवार्य किया गया है। वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी मुख्य गेट पर लगा होना जरूरी बताया गया है। इसके अलावा बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की उपस्थिति पर भी बल दिया गया है। बायोमेट्रिक मशीन और वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे का हर शिक्षण कक्ष में लगाया जाना अनिवार्य किया गया है।
डीआईओएस अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में कुल 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें चार राजकीय इंटर कॉलेज, 37 एडेड माध्यमिक विद्यालय और 62 वित्त विहीन स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। यूपी बोर्ड से मिले दिशनिर्देशों अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं।