शहर से गांव तक जलजमाव से बढ़ी परेशानी
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी में डूबी सड़कें, श्यामदेउरवां थाने के गेट पर हुआ जलभराव
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कई दिन से जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश से शहर से लेकर गांव तक तमाम स्थानों पर जल जमाव हो गया है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कहीं स्कूल परिसर में भरा है तो कहीं सड़क पर पानी बह रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में तमाम सड़कें पानी डूबी हैं। कुछ तो कीचड़युक्त हो गई है जिससे होकर आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है। शहर में एसपी कार्यालय के पीछे, तहसील के सामने, आबकारी कार्यालय व कलेक्ट्रेट परिसर समेत अन्य स्थानों पर जलजमाव से परेशानी बढ़ गई है। लोगों का मानना है कि लगातार बारिश हो गई तो बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। ठूठीबारी चौराहे से कस्टम कार्यालय तक सड़क कीचड़युक्त हो गई है। वहीं, श्यामदेउरवा थाना परिसर में भी जलजमाव हो गया है। सड़क से लेकर गेट तक सड़क पानी में डूबा है।
लेहड़ा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में बरसात होने से रमजानपुर, सूर्यमानपुर, श्रीरामपुर गांव की सड़कें पानी में डूब गई हैं। रमजानपुर निवासी इफ्तेखार अहमद, मोहम्मद नसीम, अनवर अली, जावेद अख्तर, फिरोज अहमद, मुन्शरीफ, ख्वाजा अहमद बताया कि जब भी बारिश होती है उनके गांव की पूरी सड़क पर पानी भर जाता है। जिस रास्ते पानी की निकासी होती थी कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और बरसात का पानी नहीं निकलने दे रहे हैं। एसडीएम आरबी सिंह ने बताया कि बरसात का पानी कोई नहीं रोक सकता। जल्दी ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार बृहस्पतिवार की रात हुई बारिश से चौक बाजार, ठेकी चौराहा, थाना परिसर, टिकर परसौनी चौराहा, प्राथमिक विद्यालय परिसर सेखुई, नक्शा बक्सा, पड़री कला, मधुबनी, वनग्राम कम्पार्ट 26, 27, 28, 24 बलुआहिया, करौता, रुदलापुर, खोस्टा, नाथनगर, परासखाड़ आदि क्षेत्रों के तमाम जगहों पर जलजमाव हो गया है। पानी भर जाने से लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है। धान की फसल डूब गई है। पशुपालक अमरावती देवी, रेशमा, त्रिवेनी ने बताया कि इस बारिश से फसल को फायदा है, लेकिन पशुओं के चारा के लिए दिक्कत हो रही है।