जलजमाव से बच्चों का स्कूल पहुंचना हुआ मुश्किल
जलभराव के कारण विद्यालयों में कम आ रहे विद्यार्थी
रास्ते में जलभराव व कीचड़ से स्कूल ड्रेस हो जाती है खराब
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति पर पड़ने लगा है। स्कूल के सामने व रास्ते में जलजमाव से बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण अब तो बच्चे भी स्कूल आने से कतराने लगे हैं। स्कूल के सामने पानी भर जाने से बच्चे उसी में होकर पहुंचते हैं। इसके चलते बच्चों की ड्रेस अक्सर खराब हो जाती है। अभिभावक भी अधिकारियों की उदासीनता से खिन्न हैं। शिक्षकों ने समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित गांव के प्रधान से कहा लेकिन कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
सदर ब्लॉक के सेमरा राजा पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय परिसर में जलजमाव हो गया है। दोनों स्कूल एक ही परिसर में संचालित हैं। शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय में 55 बच्चे आए जबकि नामांकन 145 बच्चों का है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 49 बच्चे आए जबकि 119 बच्चों का नामांकन हुआ है। स्कूल परिसर में चार दिन से जलजमाव है। बृहस्पतिवार की रात बारिश होने से परिसर में ज्यादा पानी एकत्र हो गया है। जल निकासी के लिए बनी नाली जाम पड़ी है। इन दिनों घुटने तक पानी लगा है। शुक्रवार को बच्चे स्कूल पहुंचे लेकिन अकेले स्कूल तक जाने में डर रहे थे। थोड़ी देर में छह सात की संख्या में बच्चे इकट्ठा हो गए तो एक साथ पानी में होकर स्कूल की दहलीज तक पहुंचे। बच्चों ने बताया कि पानी में जाने से डर लगता है। फिसल कर गिर जाने से ड्रेस भी खराब हो जाती है। स्कूल शिक्षक रीना पटेल, अनुदेशक अतुल कुमार, राजेश यादव मौके पर मिले। इन सभी लोगों ने बताया कि जलजमाव से परेशानी हो रही है। स्कूल तक आने में फिसल कर गिरने का डर बना रहता है। जलजमाव की सूचना बीआरसी को दी गई है। प्रभारी प्रधानाध्यापक आनंद राय अवकाश पर हैं।
अभिभावक रामफल, सुरेश प्रसाद, ध्रुव ने बताया कि बच्चों का स्कूल भेजने में डर लगता है। नाली जाम होने से स्कूल परिसर में जलजमाव हो गया है। चार दिन हो चुके हैं और पूरे परिसर में जलजमाव है। अगर दो-तीन दिन लगातार तेज बारिश हो गई तो स्कूल के कमरों में पानी भर जाएगा।
ग्राम प्रधान ऋषिराज राय ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। जाम पड़ी नाली की सफाई कराकर जलजमाव की समस्या का समाधान कराया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी सदर श्यामसुंदर पटेल ने बताया कि स्कूल परिसर में जल निकासी की व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।