महराजगंज। यूपी बोर्ड की मंगलवार से शुरू हुई परीक्षा में प्रथम पाली में 3054 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। एसडीएम, संबंधित थानों के एसओ और सीओ ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नकल करते पकड़े जाने पर एक छात्र को रस्टीकेट कर दिया गया।
डीआईओएस अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा में हाईस्कूल गृह विज्ञान में पंजिकृत 14561 विद्याथियों में से 1461 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, इंटर हिंदी में पंजीकृत 14342 विद्यार्थियों में से 1593 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान चार सचल दल के अलावा सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट निगरानी में लगे रहे। एएसपी आशुतोष शुक्ल, एसडीएम सदर ज्ञानेश्वर प्रसाद, सीओ सदर एमपी सिंह ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज, पंडित दिन दयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज इंटर कॉलेज में बने केंद्र का निरीक्षण किया। द्वितीय पाली में इंटर सामान्य हिंदी प्रथम पश्न पत्र की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई।