महराजगंज। बरगदवां थाना क्षेत्र के बरगदवां कस्बा निवासी थल सेना के जवान की बुधवार को भोर में अचानक तबीयत खराब होने के कारण मौत हो गई। वह उत्तराखंड के हल्द्वानी में तैनात थे। उनकी मौत की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया।
बरगदवा कस्बा निवासी राजेंद्र वर्मा (42) पुत्र स्व. जवाहर वर्मा उत्तराखंड के हल्द्वानी में थल सेना के एएससी (आर्मी सप्लाई कोर) में हवलदार के पद पर तैनात थे। बुधवार को भोर में सेना के अधिकारियों ने बरगदवां में परिजनों को मोबाइल के जरिए राजेंद्र की मौत की सूचना दी। अधिकारियों ने बताया कि राजेंद्र रात में भोजन कर अपने कक्ष में सोने चले गए। भोर में चार बजे जब वह ड्यूटी के लिए नहीं उठे तो बटालियन के जवानों ने जाकर उन्हें उठाने का प्रयास किया। इस दौरान उनका पूरा शरीर अकड़ा हुआ था। आनन-फानन में उन्हें सेना के चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना के अधिकारी जवान की हार्ट अटैक से मृत्यु होने की बात कह रहे हैं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण पता चल सकेगा। उधर, सैनिक की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी धूपकला वर्मा राजेंद्र की मौत की जानकारी मिलने के बाद अचेत हो गईं। देर शाम तक सैनिक का शव बरगदवां आने की उम्मीद है। दस दिन पहले राजेंद्र घर पर छुट्टी बिता कर चार नवंबर को वापस हल्द्वानी गए थे। उनके निधन से बरगदवां कस्बे के लोगों ने शोक जताया है। राजेंद्र की मौत की सूचना पर बरगदवा कस्बे की दुकानें व सभी विद्यालय बंद रहे। सभी ने जवान के मौत पर गहरा शोक प्रकट करते हुए आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।