कुश्ती प्रशिक्षण के लिए चयनित होंगे जिले के 30 खिलाड़ी
महराजगंज। खेलो इंडिया योजना के तहत जिले में कुश्ती खिलाड़ियों की अच्छी पौध तैयार करने के लिए पहल शुरू कर दी गई है। बालक व बालिका वर्ग में कुल 15-15 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए चयनित किया जाना है। ऐसे में इच्छुक खिलाड़ी स्टेडियम से निर्धारित शुल्क देकर आवेदन प्राप्त कर उसे 20 जुलाई तक जमा करना सुनिश्चित करें। चयन में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की आयु एक अप्रैल 2022 को 10 से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
खेलो इंडिया योजना का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान कर उनके भविष्य को बेेहतर बनाना है। योजना के तहत जिले में कुश्ती का केंद्र बनाने की मंजूरी मिली है, जिसके तहत प्रशिक्षक की तैनाती प्रक्रिया भी गतिमान है। ऐसे में समय से प्रशिक्षण शुरू हो जाए तथा उसका वास्तविक लाभ खिलाड़ियों को प्राप्त होने लगे इसके लिए अब खिलाड़ियों के चयन की गतिविधि पर भी जोर दिया गया है। प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ियों को निर्देशित किया गया है कि वे 20 जुलाई तक कार्यदिवस में स्टेडियम से आवेदन पत्र प्राप्त कर भर कर जमा करना सुनिश्चित करें। उत्कृष्टता के आधार पर खिलाड़ियों का चयन 25 जुलाई को सुबह नौ बजे से किया जाएगा।
---------
दोनों पाली में प्रशिक्षण का लाभ उठाएंगे खिलाड़ी
चयनित कुश्ती खिलाड़ी प्रशिक्षण का लाभ दोनो पाली में उठाएंगे। प्रशिक्षक की देखरेख में वे सुबह व शाम दोनो समय प्रशिक्षण में हिस्सा लेते हुए अपने खेल कौशल को विकसित करेंगी। प्रशिक्षण शुरू होने के बाद संसाधनों में भी बढ़ोतरी हो जाएगी।
-----------
कुश्ती के प्रशिक्षण के संचालन की दिशा में कवायद शुरू की गई है। इच्छुक खिलाड़ी चयन के लिए 20 जुलाई तक आवेदन करना सुनिश्चित करें।
धर्मेंद्र कुमार, उप क्रीड़ाधिकारी