तीन सदस्यीय टीम करेगी नियुक्तियों की जांच
महराजगंज। जिले के परिषदीय विद्यालयों में फर्जी ढंग से काम कर रहे शिक्षकों का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय टीम नियुक्तियों की जांच करेगी। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति में अपर पुलिस अधीक्षक को सदस्य व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया है।
अनामिका प्रकरण के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षकों की जांच के लिए डेडिकेटेड टीम के गठन की बात कही थी, विभाग को भी इस संबंध में शासन के दिशानिर्देश का इंतजार था। अपर मुख्य सचिव ने 17 जून को भेजे पत्र में निर्देशित किया गया है कि अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति के माध्यम से नियुक्तियों की जांच कराते हुए रिपोर्ट को अतिशीघ्र शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि अपर मुख्य सचिव द्वारा दिए गए दिशानिर्देश का अनुपालन कराया जाएगा। नियुक्ति प्रक्रिया की जांच के दौरान जिले के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के रूप में कुल 6500 लोगों की जांच होगी।