बोलेरो की चपेट से दंपती समेत मासूम घायल
फरेंदा (महराजगंज)। भैया फरेंदा के समीप बोलेरो की चपेट में आने से दंपती समेत मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक समेत मासूम बालक को चालक करीब तीन सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। लोगों के शोर मचाने के बाद गाड़ी को रोक कर बालक को बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा गया। लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर धुनाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया।
कोल्हुई थाना क्षेत्र महदेवा निवासी उदय सिंह चौरसिया (30) अपनी पत्नी शीला (27) व मासूम बेटे शिव (3) को बाइक पर बैठा कर घर से ससुराल गोविनापुर भगवतनगर परसिया जा रहे थे। अभी वह इंटर कॉलेज उदितपुर के समीप पहुंचे थे कि सोनौली की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गए। टक्कर लगते ही उदय सिंह चौरसिया व पत्नी शीला (27) छिटक कर दूर जा गिरी लेकिन बाइक समेत मासूम बालक शिव (3) बोलेरो के अगले हिस्से में फंस गए जिससे करीब तीन सौ मीटर तक घसीटता हुआ लेकर जाने लगा। अगल-बगल के लोगों ने घटना को देखकर शोर मचाने लगे। शोर को सुनकर चालक गाड़ी को चालक रोककर भागने की फिराक में था कि लोगों ने पकड़ कर पिटाई कर दिया। जबकि तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया। जहां से तीनों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। सीओ सुनील दत्त दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वाहन व चालक पुलिस के कब्जे में है।