27 टीमें करेंगी गन्ने की फसल का सर्वे
महराजगंज। गन्ना किसानों के खेतों के वास्तविक स्थिति को देखने व उसकी सीमा का निर्धारण करने के लिए गन्ना विभाग ने सर्वे का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। जिले में कुल 27 टीमों के माध्यम से गन्ना किसानों के खेतों का सर्वे किया जाएगा।
जिले में प्रत्येक वर्ष गन्ना किसानों के खेतों का सर्वे कराया जाता है। इस बार भी जिले में 20 अप्रैल से 20 जून तक किए जाने वाले सर्वे के लिए कुल 27 टीमें गठित की गई हैं जिसमें शामिल एक विभागीय कर्मी व एक मिल के कर्मी संबंधित मिल क्षेत्र के ग्रामसभा में जाएंगे तथा किसानों के गन्ने की बुआई वाले खेतों की वास्तविक स्थिति को देखते हुए उसका विवरण दर्ज करेंगे। यही नहीं वे किसानों से उनकी ओर से भरा हुआ घोषणा पत्र भी प्राप्त करेंगे। इससे किसी प्रकार की गड़बड़ी होने की संभावना भी नहीं रहेगी।
सिसवां क्षेत्र में लगेगी सर्वाधिक टीम
किसानों के गन्ने के खेत के सर्वे के लिए गठित होने वाली 27 टीम में 12 टीम सिसवा क्षेत्र में, पांच टीम गड़ौरा क्षेत्र में, चार टीम कप्तानगंज क्षेत्र में तथा तीन-तीन टीम पिपराइच व फरेंदा क्षेत्र में लगाई गई है।
गन्ना किसानों के खेतों में सर्वे के लिए तिथि निर्धारित कर दी गई है। टीम के जिम्मेदार समय से सर्वे का कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। -जगदीश चंद्र यादव, जिला गन्ना अधिकारी