महराजगंज। केंद्रीय स्कूल में कक्षा एक से पांच तक की कक्षाओं में आरटीई अधिनियम के तहत 15 विद्यार्थियों को निशुल्क प्रवेश और 10 विद्यार्थियों का प्रवेश सेवा कोटे के तहत सात जुलाई तक मिल सकता है। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम संतोष कुमार व केंद्रीय स्कूल के प्रभारी प्राचार्य बैरिस्टर पांडेय की उपस्थिति में चयन किया गया।
केंद्रीय स्कूल अनुमति देकर निर्माण की अनुमति मिल गई है। कक्षा एक से पांचवीं तक की कक्षा निर्माण होने तक राजकीय कन्या इंटर काॅलेज में चलेंगी। डीआईओएस की सहायता से इसके लिए स्कूल को पर्याप्त कक्ष उपलब्ध कराए गये हैं। शुक्रवार को 400 से अधिक आवेदनों में से 200 विद्यार्थियों का नाम तय कर प्रवेश सूची में नाम फाइनल कर दिया गया।
चयन सूची स्कूल के सूचना पट्ट पर चस्पा करा दिया गया। प्रत्येक कक्षा में 40-40 का प्रवेश तय किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया शनिवार से गतिमान होगी। प्रवेश सूची में नाम तय होने के बाद आरटीई के तहत प्रत्येक कक्षा में तीन- तीन और सेवा कोटे के तहत दो-दो का प्रवेश सात जुलाई तक लिया जा सकता है।
आरटीई अधिनियम (निशुल्क शिक्षा अधिकार) के तहत पात्र परिवार निशुल्क आवेदन करा सकते हैं वहीं सेवा कोटा का लाभ केंद्रीय कर्मचारियों के बच्चों को मिल सकता है। उन्हें फीस भरनी होगी, लेकिन प्रवेश तय रहेगा।