दो सेंटर पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई प्रवेश परीक्षा
प्राचार्य आरके राय ने किया शुचिता निरीक्षण
महराजगंज। नवोदय में 9वीं व 11वीं की प्रवेश परीक्षा शनिवार को जिला मुख्यालय के दो परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न हुई। दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए कुल 887 ने आवेदन किया था। लेकिन परीक्षा केंद्रों में 646 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए।
शनिवार जवाहर नवोदय स्कूल में कक्षा 9 व 11 में प्रवेश परीक्षा दो केंद्रों पर सकुशल संपन्न कराई गई। 11वीं में प्रवेश के लिए 153 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। 11वीं के लिए केवल एक परीक्षा केंद्र जवाहर नवोदय धनेवा को बनाया गया था। 85 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और शेष अनुपस्थित रहे। 9वीं कक्षा में प्रवेश के लिए दो केंद्र बनाए गए थे। नवोदय सेंटर की परीक्षा में 240 की जगह सिर्फ 181 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि दूसरे केंद्र कार्मल इंटर कॉलेज में 494 परीक्षार्थियों की जगह सिर्फ 380 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। दोनों केंद्रों की परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में हुई। साथ-साथ औचक निरीक्षण के लिए नवोदय शिक्षकों की टीम भी सक्रिय रही। दोनों केंद्रों का निरीक्षण प्राचार्य आरके राय ने भी किया।
वर्जन
अप्रैल से शुरू होने वाले नये शिक्षा सत्र के लिए आज पूरे देश में एक साथ प्रवेश परीक्षा संपन्न कराई गई। 9 व 11 में दाखिले के लिए 887 के सापेक्ष 646 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। ओएमआर शीट पर यह परीक्षा हुई।उत्तर पुस्तिकाएं आनलाइन जांच को भेजी जाएंगी।
-आरके राय, प्राचार्य, नवोदय महराजगंज।