महराजगंज। जिले में जल्द ही 24 नए मनरेगा पार्कों का निर्माण होगा। इसके लिए शासन स्तर से निर्देश प्राप्त हुआ है। मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त मनरेगा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इन पार्कों को मॉडल पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जो शहरी पार्कों की तर्ज पर सुसज्जित होंगे।
जानकारी के अनुसार, जिले में 12 ब्लॉक और 882 ग्राम पंचायतें हैं। मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में कुल 133 मनरेगा पार्कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 13 मनरेगा पार्कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अब शासन ने प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो नए मनरेगा पार्कों के निर्माण का प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत कुल 24 नए पार्क बनाए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों और एपीओ को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम पंचायतों में मनरेगा पार्कों के निर्माण के लिए उपयुक्त सरकारी जमीनों की सूची तैयार करें। विशेष रूप से उन ग्राम पंचायतों पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है। ग्राम्य विकास विभाग को इसकी कार्ययोजना तैयार कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, ताकि निर्माण कार्य को तेजी से शुरू किया जा सके।
मनरेगा पार्क, रोजगार के साथ सेहत और सौंदर्य का संगम: मनरेगा योजना, जो पहले केवल ग्रामीणों को रोजगार की गारंटी देने के लिए जानी जाती थी लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में जीवनशैली को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। इन नए मनरेगा पार्कों को ग्रामीणों की सेहत, मनोरंजन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है।