महराजगंज। रविवार को कोल्हुई क्षेत्र के बहदुरी बाजार इलाहाबास मोड़ के पास से चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से 23 पेटी लाइटर बरामद की है। पुलिस ने बरामद कर कस्टम को सौंप दिया।
अमर उजाला ने रविवार के अंक में अब लग्जरी गाड़ियों से तस्करी का खेल शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की तो कोल्हुई क्षेत्र के बहदुरी बाजार इलाहाबास मोड़ के पास से आदित्य मिश्रा निवासी कम्हरिया बुजुर्ग की कार से 23 पेटी लाइटर बरामद हुआ। इसकी कीमती करीब छह लाख नब्बे हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने चालक आदित्य से वैध कागजात मांगा तो वह नहीं दिखा सका। इसके बाद बरामद सामान को कस्टम को सौंप दिया गया। उधर, बुढ़वा घाट व राजमंदिर कठहवा घाट के पास से दो बाइक पर लदी छह बोरी धान बरामद हुई। थाने पर लाकर कस्टम अधिनियम में कार्रवाई की गई।
जांच तेजी से की जा रही है। सीमावर्ती इलाकों से लगे थानों की ओर से विशेष निगरानी की जा रही है। तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के हर संभव कोशिश की जा रही है।
आतिश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक