कटिया हटाकर कनेक्शन लेने वालों पर नहीं लगेगा जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कटिया हटाकर कनेक्शन लेने वाले लोगों को विद्युत निगम राहत देने की तैयारी में है। इसके तहत खुद कटिया हटाकर नियमानुसार कनेक्शन लेने वालों से किसी भी तरह का शमन शुल्क नहीं वसूल किया जाएगा। साथ ही ऐसे गरीब लोगों को सौभाग्य योजना के तहत नि:शुल्क कनेक्शन भी दिए जाएंगे। अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को सिर्फ कनेक्शन का चार्ज ही देना होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली चोरी किए जाने की शिकायत मिलती रही है। इस समस्या से निपटने के लिए विद्युत निगम ने नई योजना तैयार की है। अवैध कनेक्शन को पूरी तरह से खत्म करने के लिए उसे वैध किए जाने की तैयारी है। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन कटिया हटाओ कनेक्शन पाओ योजना शुरू की है। इसके तहत नए उपभोक्ता बनकर विद्युत निगम से जुड़ सकते हैं। नई व्यवस्था के तहत चोरी से बिजली का उपभोग करने वाले खुद कटिया हटाकर नियमानुसार कनेक्शन लेते हैं तो उन लोगों पर जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। लेकिन अगर जांच में कटिया कनेक्शन मिला तो जुर्माना वसूल किया जाएगा। इस योजना के तहत घरेलू श्रेणी के एक किलोवाट तक के कनेक्शन पर योजना का लाभ मिलेगा। यह योजना कटिया हटाकर कनेक्शन लेने वाले एक किलोवाट के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता हरिशंकर ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत निगम की ओर से कटिया हटाओ कनेक्शन पाओ योजना शुरू की गई है। स्वयं जानकारी देकर कटिया हटाकर कनेक्शन लेने वालों से विद्युत निगम जुर्माना नहीं वसूल करेगा। निगम 31 जनवरी के बाद कटिया डालकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा।