पंजीकरण करा लें, अन्यथा नहीं बेच पाएंगे धान
फोटो
पंजीकरण के लिए डीएम ने तेज की प्रशासनिक मशीनरी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। समर्थन मूल्य योजना का लाभ किसानों को दिलाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। पंजीकरण को लेकर किसानों को जागरूक करने के लिए डीएम के निर्देश पर जगह-जगह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान 15 सितंबर तक हर हाल में पंजीकरण करा लें, अन्यथा समर्थन मूल्य योजना के तहत सरकारी क्रय केंद्रों पर धान नहीं बेच पाएंगे। पंजीकरण किसी भी साइबर कैफे से किया जा सकता है।
जिले में धान की अगेती फसल में बालियां निकल आईं हैं। प्रशासन भी धान खरीद की तैयारी पूरी करने में लगा है। जिले में कुल 1,68,350 हेक्टेअर में धान की खेती गई है। करीब 4,26,675 एमटी धान का उत्पादन आंकलन किया गया है। शासन स्तर से भले ही अभी खरीद का लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन खरीदारी के लिए तैयार है। गत वर्ष की खरीद व व्यवस्था पर गौर करें तो धान तौल 28 फरवरी तक हुआ था, पंजीकरण भी किसान अंतिम दौर तक करा सकते थे, लेकिन इन साल शासन-प्रशासन ने धान तौल में गड़बड़ी रोकने के लिए पंजीकरण का कार्य 15 सिंतबर तक ही कराने की तिथि निर्धारित किया है। इसके बाद किसानों के रकवा का एसडीएम स्तर से सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद ही पता चलेगा कि कौन किसान कितना धान बेच सकेगा। बीते वर्ष एक नवंबर से 28 फरवरी के बीच कुल 16471 किसानों से एक लाख 96 हजार 500 एमटी के सापेक्ष एक लाख 48 हजार 199 एमटी धान खरीद हुई थी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पंजीकरण को लेकर विभिन्न स्तरों से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। समर्थन मूल्य योजना के तहत भले ही लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन डीएम के निर्देशन में विभागीय तैयारी जोरों पर है।