जेई-एईएस के प्रति लोगों को जागरूक करेगा शिक्षा विभाग
31 जुलाई तक माध्यमिक विद्यालयों में होंगे कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। विविध कार्यक्रमों के जरिए जेई-एईएस के प्रति माध्यमिक शिक्षा विभाग लोगों को जागरूक करेगा। शिक्षा विभाग ने 31 जुलाई तक होने वाले कार्यक्रम की तिथियां घोषित कर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दो से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जा रहा है। इसमें आमजन को जेई-एईएस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम जूनियर व सीनियर वर्ग के बच्चे अलग-अलग आयोजित करेंगे। उन्होंने बताया कि 9 से 12 जुलाई के बीच कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली जाएगी। 13 व 14 जुलाई को कक्षा 6 से 8 के छात्र-छात्राओं द्वारा अंतराक्षरी प्रतियोगिता, 16 व 17 जुलाई को सीनियर वर्ग द्वारा अंतराक्षरी प्रतियोगिता, 18 व 19 जुलाई को जूनियर वर्ग की, 20 व 21 जुलाई को सीनियर वर्ग की लोकगीत गायन प्रतियोगिता होगी। 23 व 24 को क्रमश: जूनियर व सीनियर वर्ग द्वारा जलजनित रोग के बचाव व उपचार विषय पर गोष्ठी आयोजित की जाएगी। 25 व 26 जुलाई को जूनियर तथा 27 व 28 को सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं द्वारा सफाई अभियान चलाया जाएगा। 30 व 31 जुलाई को क्रमश: जूनियर व सीनियर वर्ग के बच्चों के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।