महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा सोहट निवासी एक दलित परिवार मकान पर दूसरे का कब्जा हटाने की मांग को लेकर सोलह दिन से नौतनवां तहसील परिसर में धरना दे रहा है। धरने पर बैठे दलित परिवार का आरोप है कि पुलिस मकान पर कब्जा करने वालों से मिली हुई है। इसीलिए अभी तक कोई कार्रवाई की गई है।
पिपरा सोहट निवासी रामसेवक पत्नी आरती और दो छोटे बच्चों के तहसील पर धरना दे रहे हैं। आरती का कहना है कि बीते 14 सितंबर की देर रात करीब आधा दर्जन लोग उनके मकान में पहुंचे और ताला तोड़कर उसमें रखे सारे सामान व नगदी उठा ले गए। साथ ही मकान पर कब्जा जमा लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने मारपीट भी की। इसकी लिखित शिकायत कोल्हुई थाने पर की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कान पर कब्जा जमाए लोगों ने धमकी देना भी शुरू कर दिया। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर वह लोग तहसील परिसर में दो अक्टूबर से धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि धरने के दौरान पुलिस ने कई बार जबरन उन्हें हटाने की कोशिश की। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस की तरफ से फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देकर धरना समाप्त कराने की कोशिश भी की गई। जिसकी शिकायत डीएम से की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रखेंगी।