महराजगंज। पूर्वांचल राज्य निर्माण मंच के जिला संयोजक का जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट के सामने भूख हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। संगठन के संयोजक तीन दिन से पांच सूत्री मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
जिला संयोजक लालधारी यादव ने कहा कि जिले में बुनियादी सुविधाएं बदहाल है। न तो सड़क है और न ही अस्पताल में इलाज का बेहतर व्यवस्था। जिला मुख्यालय को रेल लाइन से जोड़ने का वादा तो हुआ लेकिन पूरा नहीं किया गया। नगर में जाम की समस्या से निपटने के लिए बाईपास रोड की जरूरत है लेकिन इस दिशा में किसी ने ध्यान नहीं दिया। जनता की सुख सुविधा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। इन समस्याओं के समाधान के लिए बीते माह भी आंदोलन किया गया था लेकिन समाधान का आश्वासन देकर समाप्त करा दिया गया। आश्वासन के बावजूद अब तक कुछ नहीं किया गया।
बृहस्पतिवार को अनिरुद्ध गुप्ता, भरत, विद्या, सोनी, कैलासी, जीरा, आरती, राजमति, सुजा, रेशमा, रीता, निर्मला, गुड़िया, पार्वती, मीरा, प्रभावती आदि ने भूख हड़ताल को समर्थन दिया। इस मौके पर मंगरू प्रसाद, रामदरश गौतम, राजेंद्र तिवारी, शेषमणि गुप्ता, उमेश चंद्र मिश्रा, बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।