महराजगंज। पिपरा विश्वंभरपुर में सड़क पार करते समय पिकअप की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरा विश्वंभरपुर निवासी राधेश्याम (38) पुत्र रामलगन बृहस्पतिवार को शाम करीब चार बजे चौराहे पर घर से कुछ काम करने के लिए आए थे। काम निपटाने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच सड़क पार करते समय महराजगंज से फरेंदा की तरफ तेज रफ्तार से आ रहे पिकअप ने उन्हें को टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाने की तैयारी में थे कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। चालक मोहम्मद शाहिल निवासी दौलतपुर जगदीशपुर जिला अमेठी का निवासी बताया गया है। चौकी इंचार्ज गजेंद्र पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।