मानक के अनुरूप गेहूं खरीद पर जोर
क्रय एजेंसियों के प्रभारियों को दिया गया प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में गेहूं खरीद एजेेंसियों के प्रभारियों को प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें खरीद एजेंसियों के प्रभारियों को गेहूं खरीद तथा केंद्रों पर उसके रखरखाव के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान संभागीय खाद्य नियंत्रक गोरखपुर देवराज यादव ने गेहूं खरीद के मानक के बारे में जानकारी दी। बताया कि किसानों को आरटीजीएस के माध्यम से उनके बैंक खातों में गेहूं का मूल्य भेजा जाएगा। उन्होंने खरीद एजेंसियों के प्रभारियों को गेहूं खरीद में मानक का पूरा ख्याल रखने को कहा। एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2019-20 में गेहूं का समर्थन मूल्य 1860 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। गेहूं की खरीद पहली अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए जिले में विभिन्न एजेंसियों के 134 केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने एजेंसियों के प्रभारियों को केंद्रों पर गेहूं खरीद की तैयारी पूरी कराने की हिदायत दी। कहा कि केंद्रों पर पेयजल, इलेक्ट्रानिक कांटा, छलना, पंखा सहित अन्य आवश्यक संसाधन की व्यवस्था एक अप्रैल से पहले करा लें ताकि गेहूं लेकर केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाना शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। ऐसे में क्रय केंद्रों पर गेहूं की तौल कराने के पहले किसानों का पंजीकरण जरूरी है। इसके लिए सभी केंद्र प्रभारियों अभी से जरूरी निर्देश जारी कर दें। ताकि केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क कर उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित कर सकें। कार्यशाला में जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप तिवारी, वरिष्ठ हाट निरीक्षक कमरुद्दीन आदि मौजूद रहे।