सफाईकर्मी पर लगे आरोपों की जांच को कमेटी गठित
डीएम ने कमेटी से 15 दिन में मांगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने जिले में सफाई कर्मियों की नियुक्ति व उनके कार्यों की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। उन्होंने टीम से 15 दिन के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी है। टीम में अपर एसडीएम राजेश कुमार जायसवाल, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, उपायुक्त मनरेगा उपेंद्र पाल तथा जिला पंचायत के लेखाधिकारी शामिल हैं।
यह जानकारी देते हुए सीडीओ राम सिंहासन प्रेम ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण की समीक्षा के दौरान यह बात प्रकाश में आई कि फरेंदा ब्लॉक का निर्भय शाही नामक सफाई कर्मी का वेतन बिना काम किए ही आहरित हो रहा है। यह भी संज्ञान में आया कि यह सफाई कर्मी किसी जनप्रतिनिधि का रिश्तेदार है और अधिकारियों व कर्मचारियों पर नियम विरुद्ध काम के लिए दबाव बनाता है। समीक्षा के दौरान यह बात भी सामने आई कि ऐसे कुछ अन्य सफाई कर्मी भी हैं। उनका कहना था कि सफाई कर्मियों के चयन में गड़बड़ी की गई है। उनसे काम लेने और उनके वेतन आहरण में भी कपटपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। यह स्थिति पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए विपरीत है। ऐसे प्रकरणों की छानबीन करने के लिए जांच टीम गठित की गई है।