औचक निरीक्षण में गंदगी देख सीडीओ नाराज
एक सप्ताह में सफाई कराकर सामान सुव्यवस्थित करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी राम सिंहासन प्रेम ने शनिवार को विकास भवन स्थित तीन कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीनों कार्यालयों में गंदगी व निष्प्रयोज्य सामान बेतरतीब रखे दिखे। इस पर मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से नाराजगी जाहिर करते हुए एक सप्ताह में कार्यालय सफाई कराकर बेतरतीब रखे सामानों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सबसे पहले मत्स्य विभाग तथा इसके बाद बाल विकास विभाग एवं कृषि विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान तीनों कार्यालयों में गंदगी मिली। कार्यालय कक्ष में ही स्टोर बनाकर निष्प्रयोज्य सामानों को बेतरतीब ढंग से रखे गए थे। आलमारी पर कबाड़ पाए गए। कुर्सियों पर धूल जमी मिली। सीडीओ ने कहा कि कार्यालयों की स्थिति देख कर ऐसा लगा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने आलमारी, कुर्सी एवं कक्ष की सफाई कई दिनों से नहीं की है। यह स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्यालयों की साफ सफाई व सामानों को सुव्यवस्थित ढंग से रखवाने के निर्देश दिए गए।