ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन
मनरेगा की मजदूरी दिलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। फरेंदा तहसील के उदितपुर गांव के लोगों ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मनरेगा की मजदूरी दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत थी कि मनरेगा के तहत उन्हें काम तो कराया गया तो लेकिन मजदूरी अब तक नहीं दी गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जो लोग जॉब कार्डधारक नहीं है, उन्हें पारिश्रमिक का भुगतान कर दिया गया है जबकि जो जॉब कार्डधारक हैं उन्हें पारिश्रमिक का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। हीरा यादव ने कहा कि गांव के कई जॉब कार्डधारकों को मजदूरी नहीं मिली है। उनका आरोप था कि मजदूरी मांगे जाने पर ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि विधवा पेंशन दिलाने में हीलाहवाली की जा रही है। इसके चलते पात्र लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्राम सभा में तमाम कार्य मनमाने तरीके से कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोपों की जांच कराकर मनरेगा के बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मागं की। इस मौके पर भगवंत, हीरालाल, परमशीला, रमाशंकर यादव, भोला सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।