महराजगंज। गर्मी शुरू होते ही कूलर और एसी की विस्तृत रेंज बाजार में है। ग्राहकों पर बिलजी के बिल का लोड न पड़े । इसके लिए कम खपत वाले एसी और कूलर को बाजार में उतारा गया है, उनकी मांग भी बढ़ गई है। फैंसी पंखे की कई वेरायटियां भी बाजार में उपलब्ध हैं। अप्रैल माह में ही बढ़ते पारे ने बाजार में एसी और कूलर की मांग को बढ़ा दिया है। दुकानों पर अनेक रेंज में एसी, कूलर और पंखे हैं। ग्राहक खरीद के पहले रेंज के साथ कम बिजली की खपत वाले उपकरण पसंद कर रहे हैं।
एसी की बात करें तो कई कंपनियां प्रतिदिन छह से आठ घंटे में पांच से छह यूनिट की खपत का ही दवा कर रहीं हैं। कंपनियों के इस दावे पर इंवर्टर से चलने वाले एसी सर्वाधिक बिक रहे हैं। दुकानदार अमित वर्मा ने बताया कि इस इनवर्टर बेस्ड एसी का मतलब उसे इनवर्टर से चलाना नहीं है। बल्कि उसमें इस्तेमाल की गई तकनीकी इनवर्टर पद्धति की है। यह चालू करने पर एक बार ही कंप्रेशर पर लोड डालता है, इसके बाद फैन के जरिए कूलिंग देता है। जबकि अन्य एसी में कंप्रेशर पर लगातार लोड रहता है, जो बिल बढ़ाता है। ऐसे ही कूलरों की कई वैरायटियां हैं। फाइबर बॉडी कूलरों के साथ देशी कूलरों की बिक्री शुरू हो गई है। इनमें भी ग्राहक कम वॉट के एग्जॉस्ट फैन की मांग कर रहे हैं। बाजार में बगैर घास के फोर साइड कूलिंग वाला कूलर भी है। देशी पैटर्न पर उतारे गए कूलर की खासियत यह है कि इसमें घास के बाजाय पेपर पैड का इस्तेमाल किया गया है। पानी गिरने पर यह पैड रेडियेटर की तरह काम करेंगे तथा उसमें लगा पंखा ठंडी हवा फेंकेगा। फैंसी पंखों में थ्री डी और फोर डी डिजाईन, झूमर पंखा, एलईडी लाइट और नाइट लाइट के साथ कई वेरायटियां हैं।