सिसवा बाजार (महराजगंज)। कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा सोनवरसा स्थित बेलवां घाट (छोटी गंडक) में रविवार को मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे गांव में दहशत का माहौल हो गया। सूचना के बाद पहुंची वन विभाग निचलौल की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा और उसे देर शाम निचलौल रेंज के बैठवलिया बीट अंतर्गत पड़ने वाले दर्जिनिया ताल में छोड़ने के लिए ले गए।
अपने खेत की तरफ जा रहे सोनबरसा गांव के ग्रामीणों ने बेलवां घाट (छोटी गंडक) नदी में एक मगरमच्छ को देख शोर मचाना शुरू कर दिया। मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर भीड़ जुट गई। इस बीच सोनवरसा के प्रधान भुक्खल साहनी और ग्राम सभा चैनपुर प्रधान दिनेश तिवारी ने यूपी 100 डायल सहित निचलौल वन क्षेत्राधिकारी अशोक चंद्रा को सूचना दी। वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर एक घंटे बाद टीम क्षेत्राधिकारी रामअवध प्रसाद, वन दरोगा रामदीन चौधरी, वन्य जीव रक्षक आशीष सिंह, आशीष कुमार और चालक मनोज शुक्ला पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को नदी से बाहर निकाला गया। उप वन क्षेत्राधिकारी रामअवध प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को निचलौल रेंज के बैठवलिया बीट अंतर्गत पड़ने वाले दर्जिनिया ताल में प्रवास कर रहे अन्य मगरमच्छों के पास छोड़ दिया गया है।